Please assign a menu to the primary menu location under menu

Thursday, June 1, 2023

अरविंद केजरीवाल ने बताया अमानतुल्लाह खान के बाद अब AAP के कोन से विधायक जाएंगे जेल?

Visfot News

नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज यानी रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से राष्ट्रीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन किया गया। आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के राष्ट्रीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन में 20 राज्यों से लगभग 1400 से अधिक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान अपने संबोधन में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने अमानतुल्लाह खान पर की गई कार्रवाई को लेकर भाजपा पर हमला जमकर बोला है। उन्होंने कहा कि ये लोग अमानतुल्लाह खान के बाद अब मनीष सिसोदिया और कैलाश गहलोत को भी पकड़ेंगे।

'भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बड़ी-बड़ी पार्टियों से लड़ रही AAP'
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, "देश आजाद हुआ है मगर इन लोगों ने संविधान के चीथड़े उड़ा दिए। नवंबर माह में भारत का संविधान बना था और इसी नवंबर में दिल्ली में आम आदमी पार्टी बनी है। देश के 20 राज्यों में आज हमारे 1400 से अधिक प्रतिनिधि हैं। 10 साल में हमारी छोटी सी पार्टी बड़ी-बड़ी पार्टियों से भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लड़ रही है। आप की चार बातें देश में लोगों को पसंद आ रही हैं और ये इन लोगों के गले नही उतर रही हैं। हमारी ईमानदारी, शिक्षा, स्वास्थ्य पर किए गए काम की पूरे देश में चर्चा हो रही है।"

'आज दो किस्म की हो रही राजनीति'
उन्होंने कहा कि ये कहते हैं कि फ्री की सुविधाएं जनता को नहीं मिलनी चाहिए। आज दो किस्म की राजनीति हो रही है। एक वह है जो अपना घर भरती है और दूसरी है जनता के लिए काम करती है। ये हमारी पार्टी को रोकना चाहते हैं। इनका मकसद है कि आप को कुचल दो। ये हमारे विधायक के पीछे पड़े हैं।

प्वाइंट्स में पढ़ें केजरीवाल के संबोधन की खास बातें

  • सत्येंद्र जैन किसी अन्य देश में होते तो उन्हें भारत रत्न मिलता, मगर उन्हें जेल में उन्होंने डाला हुआ है। जज पूछ रहे हैं कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ कुछ सुबूत तो दे दो, मगर केंद्र सरकार कुछ सुबूत तो दे दो जैन के खिलाफ तो यह कह रहे हैं कि जज बदल दो।
  • कल अमानतुल्लाह को पकड़ लिया गया। उनके यहां कुछ नही मिला तो अब कह रहे हैं कि अमानतुल्लाह के सहयोगी के यहां मिला है। जबकि अमानतुल्लाह का उससे कोई लेना देना नहीं है।
  • इन्होंने मनीष सिसोदिया के यहां छापा मारा, वहां कुछ नहीं मिला। ये आप के सभी विधायकों को जेल में डालेंगे। अभी सिसोदिया को भी पकड़ेंगे और कैलाश गहलोत को भी पकड़ेंगे।
  • सभी विधायकों को जेल जाने के लिए 3 से 4 माह की हिम्मत जुटा लेनी है। उसके बाद कुछ नहीं होगा। अभी सभी हिम्मत जुटा लो।
  • प्रधानमंत्री के सलाहकार हीरेन जोशी गुजरात में मीडिया के लोगों को धमकी दे रहे हैं कि आप को नहीं दिखाना है, उन्हे धमकी भरी गालियां लिखकर मैसेज कर रहे हैं। हमारी गुजरात में खबरें नहीं छप रही हैं।
  • वहां मीडिया चैनल वाले हमारे नेताओं को डिबेट में नहीं बुलाते हैं। उन्हें समझ लेना चाहिए कि जिस दिन किसी मीडिया वाले ने उनकी बातें इंटरनेट मीडिया पर डाल दीं तो मुंह दिखाने के लायक नहीं बचेंगे।
  • हमारी मुहिम में जुड़ने के किए हमारे मोबाइल नंबर पर 9510001000 मिस्ड काल दें। केजरीवाल ने कहा कि मेक इंडिया नंबर एक के लिए हमारे साथ आएं।
  • भाजपा देशभर में विधायकों को खरीद रही है। आपरेशन लोटस चलाया जा रहा है। इन्होंने अभी तक देश भर में 800 करोड़ खर्च कर विधायक खरीदे हैं, मगर हमारा एक विधायक नहीं खरीद पाए हैं।
  • सम्मेलन में राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने दो प्रस्ताव रखे। एक प्रस्ताव में भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाना है और दूसरा प्रस्ताव ऑपरेशन लोटस को सफल नहीं होने देना है।

देश भर में आम आदमी पार्टी के चुने गए जनप्रतिनिधियों का यह पहला राष्ट्रीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन है। सम्मेलन में देश भर में चुने आप के विधायक, राज्यसभा सांसद, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य, चेयरमैन, मेयर, ब्लॉक प्रमुख समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

पंजाब के मुख्यमंत्री नहीं हुए शामिल
विदेश में होने के कारण पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इस सम्मेलन में शामिल नहीं हो सकेंगे। हालांकि पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा सम्मेलन में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन से आप को मजबूत होने का दिया संदेश जाएगा। मंच पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह मौजूद रहे।

RAM KUMAR KUSHWAHA
भाषा चुने »